
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मानगो नगर निगम की 3 करोड़ 62 लाख 35 हजार 250 रुपये की छह योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है. नगर विकास विभाग ने 24 फरवरी 2026 को स्वीकृत्यादेश संख्या-136 जारी कर इन योजनाओं को मंजूरी प्रदान की. इसकी जानकारी विधायक सरयू राय के तारांकित प्रश्न के उत्तर में विधानसभा में दी गई.
बुधवार को विधानसभा में सरयू राय ने यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि इन योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति दिलाने के लिए वे लगातार प्रयासरत थे, लेकिन अप्रैल 2025 से ये योजनाएं लंबित थीं. उन्होंने कहा कि लगभग 10 महीनों से ये योजनाएं प्रशासनिक स्वीकृति की प्रतीक्षा में थीं, जबकि इनके लिए आवश्यक निधि मानगो नगर निगम के पास पहले से उपलब्ध है और राज्य सरकार के खजाने से कोई अतिरिक्त व्यय नहीं होना है.
राय ने कहा कि प्रशासनिक स्वीकृति के लिए वे अप्रैल 2025 से अब तक विभागीय मंत्री और विभागीय सचिव से तीन-तीन बार मिल चुके हैं. इसके बावजूद स्वीकृति में देरी होना नगर विकास विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करता है. उन्होंने कहा कि इन योजनाओं की तकनीकी स्वीकृति एक वर्ष पूर्व ही मिल चुकी थी, फिर भी प्रशासनिक स्वीकृति में अनावश्यक विलंब हुआ.
इस पर नगर विकास विभाग के मंत्री ने सदन में जवाब देते हुए बताया कि सभी छह योजनाओं को 24 फरवरी 2026 को प्रशासनिक स्वीकृति दे दी गई है.
सरयू राय ने कहा कि यदि उन्होंने विधानसभा में यह प्रश्न नहीं उठाया होता तो स्वीकृति मिलने में और विलंब हो सकता था. उन्होंने कहा कि सदन में प्रश्न उठने के अगले ही दिन प्रशासनिक स्वीकृति मिल जाना यह दर्शाता है कि विभागीय स्तर पर अनावश्यक देरी हो रही थी.
इन योजनाओं को मिली प्रशासनिक स्वीकृति:
• वार्ड संख्या 9, जवाहर नगर रोड नंबर 6 कुटकुटडुंगरी में पप्पू दास के घर से उलिडीह खनका तक आरसीसी नाली निर्माण – 71,92,550 रुपये
• वार्ड संख्या 9, उलिडीह में मिथिलेश के घर से डिमना मेन रोड तथा अन्य क्रॉस रोड में आरसीसी नाली निर्माण – 35,55,600 रुपये
• वार्ड संख्या 9, सिंह जी के घर से दरभंगा डेयरी, डिमना मेन रोड तक आरसीसी नाली निर्माण – 71,45,500 रुपये
• वार्ड संख्या 9, रामकृष्ण कॉलोनी से कंचन गैस एजेंसी तक आरसीसी नाली निर्माण – 68,72,250 रुपये
• वार्ड संख्या 10, मून सिटी के पास वृद्ध नागरिकों के लिए शेल्टर होम निर्माण – 28,13,450 रुपये
• मानगो नगर निगम कार्यालय भवन के समीप जी+2 भवन का निर्माण – 86,55,900 रुपये
इन योजनाओं की स्वीकृति से मानगो क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विकास को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.

