
नजरुल हक अंसारी, राजेश सिंह और अश्विनी सिंह कर रहे हैं तैयारी
उदित वाणी, जमशेदपुर: मानगो नगर निगम (Mango municipal corporation) के इतिहास में पहली बार हुए मेयर और वार्ड पार्षद चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद अब सियासी हलचल डिप्टी मेयर पद को लेकर तेज हो गई है। मानगो नगर निगम में डिप्टी मेयर के चुनाव के लिए 7 मार्च को सूचना निर्गत किया जायेगा और 17 मार्च को निगम के लिए चुने गये मेयर के साथ निर्वाचित पार्षदों की बैठक की तिथि निर्धारित की गई है. उक्त बैठक के दौरान निगम के डिप्टी मेयर (उप महापौर) का अप्रत्यक्ष चुनाव कराया जायेगा.
निर्वाचित वार्ड पार्षदों के बीच समर्थन जुटाने की कवायद शुरू हो चुकी है और तीन प्रमुख नाम तेजी से चर्चा में हैं – नजरुल हक अंसारी, राजेश सिंह व अश्विनी सिंह।
कांग्रेस समर्थित मेयर प्रत्याशी एवं पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने करीब 18,600 मतों के अंतर से ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस जीत के बाद उनके समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। शनिवार दोपहर मानगो क्षेत्र में खुली जीप से विजय जुलूस निकाला गया, जिसमें बन्ना गुप्ता स्वयं मौजूद रहे और जनता का आभार जताया।
अल्पसंख्यक समुदाय से नजरुल हक अंसारी की दावेदारी
मानगो जवाहरनगर, वार्ड संख्या-24 से विजयी नजरुल हक अंसारी ने डिप्टी मेयर पद के लिए अपनी तैयारी की पुष्टि की है। मानगो क्षेत्र में कुल 14 मुस्लिम समुदाय के वार्ड पार्षद जीत दर्ज कर चुके हैं इसलिए संभव है कि अल्पसंख्यक समुदाय से डिप्टी मेयर को लेकर एकजुटता दिखे। इस संबंध में नजरुल हक अंसारी ने बताया कि वे अन्य वार्ड पार्षदों से लगातार संपर्क में हैं और पूरे मानगो के समग्र विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वे पहले मेयर पद की तैयारी कर रहे थे, लेकिन सीट महिला आरक्षित होने के कारण चुनाव नहीं लड़ सके। अब वे डिप्टी मेयर पद के जरिए विकास में योगदान देना चाहते हैं।
राजेश सिंह भी दावेदार
वार्ड संख्या-09 (बालीगुमा सूखना बस्ती निवासी) से निर्वाचित राजेश सिंह भी डिप्टी मेयर पद के लिए मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। शुक्रवार को पहले राउंड की मतगणना के बाद ही उनके वार्ड का परिणाम आ चुका था और मतगणना कक्ष से बाहर निकलते ही उन्होंने इसके संकेत दे दिए थे। शुक्रवार को उन्होंने अपने क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त किया। उनके समर्थकों का मानना है कि राजेश सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र का बेहतर विकास संभव है। रविवार को उदित वाणी से बातचीत के क्रम में बताया कि उनके यहां भागवत कथा एवं प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम के बाद आज भंडारा का आयोजन था जिसमें शामिल हुए 5 से 7 वार्ड पार्षदों ने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए उनका समर्थन करने का भरोसा दिलाया है। राजेश बताते हैं कि सोमवार से वह पूरी तरह से इस अभियान में लग जायेंगे ताकि सभी से संपर्क साधा जा सके और मजबूती के साथ दावेदारी पेश करेंगे।
आंकड़ों का गणित और बन्ना गुप्ता की भूमिका
मानगो के 36 में से 34 वार्ड पार्षदों का ही चुनाव हो पाया है. वार्ड नंबर 22 में कोई उम्मीदवार नहीं होने के कारण चुनाव नहीं हुआ और वार्ड सदस्य का पद रिक्त है. वही मानगो वार्ड नंबर 33 में प्रत्याशी शीतल रजक का निधन हो जाने से चुनाव स्थगित कर दिया गया था. वर्तमान गणित के अनुसार, कम से कम 18 पार्षदों का समर्थन पाने वाला उम्मीदवार ही इस पद तक पहुंच सकता है.
नवनिर्वाचित 34 वार्ड पार्षदों में से करीब 20 से 22 पार्षद पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के करीबी माने जाते हैं। इन पार्षदों ने न केवल अपनी जीत दर्ज की बल्कि सुधा गुप्ता की ऐतिहासिक जीत में भी अहम भूमिका निभाई। ऐसे में डिप्टी मेयर के चयन में बन्ना गुप्ता की भूमिका निर्णायक मानी जा रही है। सूत्रों के अनुसार कई पार्षद डिप्टी मेयर पद की आकांक्षा लिए बन्ना–सुधा गुप्ता की परिक्रमा में जुटे हुए हैं.
हालांकि नजरुल हक अंसारी और राजेश सिंह के नाम प्रमुखता से सामने आ रहे हैं, लेकिन अंदरखाने कई अन्य पार्षद भी तैयारी में जुटे हैं। जिसमें वार्ड संख्या – 14 से निर्वाचित अश्विनी सिंह की भी तैयारी की सूचना मिल रही है। संभावना है कि अगले एक-दो दिनों में कुछ और नाम खुलकर सामने आएं।
मानगो नगर निगम में डिप्टी मेयर पद को लेकर सियासी समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। जनता भी उत्सुक है कि आखिर मेयर के साथ कौन डिप्टी मेयर की जिम्मेदारी संभालेगा और क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि कौन सा प्रत्याशी समर्थन का जादुई आंकड़ा पार कर इस महत्वपूर्ण पद को हासिल करता है।
टाई होने की स्थिति में मेयर का मतदान तय करेगा परिणाम
डिप्टी मेयर का निर्वाचन जीते हुए वार्ड सदस्य करेंगे. मानगो नगर निगम के 34 वार्ड के विजेता वार्ड पार्षदों के द्वारा अपने बीच से ही किसी एक को डिप्टी मेयर के रूप में चयन करना है. इन वार्ड सदस्यों में कोई भी डिप्टी मेयर पद के लिए दावेदारी पेश कर सकता है. लेकिन टाई होने की स्थिति मेयर सुधा गुप्ता अपना मत देकर डिप्टी मेयर का चयन करेंगी. यहां मेयर का मत काफी महत्वपूर्ण हो जाता है.
(Jamshedpur Mango Civic Polls 2026) (Banna Gupta Mango Politics) (Jharkhand Urban Body Election Results) (Mango Nagar Nigam Ward Results) (मानगो नगर निगम डिप्टी मेयर चुनाव) (झारखंड शहरी निकाय चुनाव 2026) (मानगो उप महापौर चुनाव 17 मार्च) (Mango Municipal Corporation Deputy Mayor Election date)

