
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो नगर निगम में डिप्टी मेयर पद के लिए चुनाव 17 मार्च को आयोजित किया जाएगा. इसे लेकर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने के लिए निगम के सभी 34 वार्ड पार्षदों को नोटिस भेज दिया गया है, ताकि वे निर्धारित तिथि पर उपस्थित होकर मतदान कर सकें. इस चुनाव के माध्यम से मानगो नगर निगम को नया डिप्टी मेयर मिलेगा. प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार चुनाव की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के तहत पूरी की जाएगी और सभी पार्षदों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए औपचारिक सूचना भेजी गई है.
डिप्टी मेयर पद को लेकर पार्षदों के बीच सक्रियता भी बढऩे लगी है. संभावित उम्मीदवारों के नामों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और राजनीतिक हलचल भी दिखाई देने लगी है. आने वाले दिनों में विभिन्न खेमों के बीच समर्थन जुटाने की कवायद और तेज होने की संभावना है. नगर निगम से जुड़े जानकारों का कहना है कि यह चुनाव मानगो नगर निगम की आगामी कार्यप्रणाली के लिहाज से अहम माना जा रहा है, क्योंकि डिप्टी मेयर निगम के प्रशासनिक और विकास कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
बन्ना को कोई करीबी ही बनेगा डिप्टी मेयर
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार डिप्टी मेयर के कई दावेदार है लेकिन पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के किसी नजदीकी को ही यह पद मिलेगा. जानकार बताते है कि मानगो के मुस्लिम बहुल क्षेत्र से 8 और हिंदू बहुल क्षेत्र से 8 पार्षद बन्ना गुप्ता के बहुत ही खास है, आने वाले दिनों में उनके क्षेत्र में विकास काम में किसी प्रकार का गतिरोध ना आए इस कारण ये सभी 16 पार्षद बन्ना गुप्ता के कहे अनुसार ही अपने मत का प्रयोग करेंगे, इसी वजह से यह कहा जा रहा है कि डिप्टी मेयर के चुनाव में बन्ना का ही चलेगा.

