
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो नगर निगम की पहली मेयर सुधा गुप्ता ने पदभार ग्रहण करते ही साफ कर दिया कि विकास कार्यों के रास्ते में संसाधनों या भवन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि वे प्रोटोकॉल से ज्यादा जनहित को प्राथमिकता देंगी—चाहे इसके लिए उन्हें कार्पेट बिछाकर ही क्यों न बैठना पड़े।
शुक्रवार को पदभार संभालने के बाद जब पत्रकारों ने उनसे कार्यालय में बैठने की व्यवस्था नहीं होने और उनके नाम का बोर्ड तक नहीं लगाए जाने को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने मुस्कराते हुए जवाब दिया कि चुनाव के दौरान उनका चुनाव चिन्ह ‘कार्पेट’ था, इसलिए वे कहीं भी कार्पेट बिछाकर बैठकर काम कर सकती हैं। उनका यह बयान सादगी और काम के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश देता है।
इससे पहले निगम कार्यालय में आयोजित समारोह में सुधा गुप्ता ने विधिवत रूप से मेयर पद की जिम्मेदारी संभाली। इस अवसर पर उप मेयर राहुल कश्यप और उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ देकर नई मेयर का स्वागत किया, जिससे पूरे परिसर में उत्साह का माहौल दिखा। पदभार ग्रहण के बाद मेयर ने निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात कर सामूहिक रूप से बेहतर कार्य करने का संकल्प लिया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और विकास कार्यों को तेज गति दी जाएगी। नई मेयर के इस सकारात्मक और सरल दृष्टिकोण से मानगो क्षेत्र के लोगों में विकास को लेकर उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।

