
उदित वाणी जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र स्थित मानगो बाजार में एक कपड़े की दुकान को लेकर चल रहा विवाद अब नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। शनिवार को दुकानदार लक्ष्मी नारायण शर्मा एसएसपी कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई।
एसएसपी को सौंपे गए ज्ञापन में लक्ष्मी नारायण शर्मा ने बताया कि मानगो बाजार में उनकी कपड़ों की दुकान ‘सुमित ड्रेसेज’ वर्ष 1996 से संचालित हो रही है। 27 जनवरी की रात करीब 9:30 बजे वे रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह जब वे दुकान पहुंचे तो देखा कि शटर का ताला टूटा हुआ है और शटर को अंदर से बंद कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि जांच करने पर पता चला कि उनके बगल के दुकानदार बिहारी लाल शर्मा और उनके परिवार के लोगों ने दुकान के अंदर की दीवार तोड़कर प्रवेश किया और दुकान में रखे कपड़े समेत करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर ली। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उल्टा दुकान पर अपना दावा जताना शुरू कर दिया।
लक्ष्मी नारायण शर्मा के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने पर उनके बेटे सुनील शर्मा, पत्नी और बेटी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान आरोपितों ने सभी के साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और उनकी पत्नी व बेटी के साथ अभद्र व्यवहार भी किया।
उन्होंने बताया कि मामले की शिकायत मानगो थाना में की गई थी, लेकिन पुलिस दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश कर रही थी। वहीं 11 मार्च की रात आरोपियों द्वारा दुकान के शटर के सामने ईंट लगाकर और मशीन मंगवाकर बाहर से दीवार खड़ी कर दुकान बंद करने का भी प्रयास किया गया। दुकानदार ने एसएसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

