
उदित वाणी जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में स्थित कंचन दीप गैस काउंटर पर इन दिनों गैस सिलेंडर की बुकिंग को लेकर लोगों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग अपने दैनिक कामकाज छोड़कर गैस बुक कराने के लिए लाइन में खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दो देशों के बीच चल रहे युद्ध की खबरों के बाद लोगों में आशंका बढ़ गई है। इसी कारण एहतियात के तौर पर लोग पहले से ही गैस सिलेंडर बुक कराने के लिए गैस एजेंसी पहुंच रहे हैं, ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
हालांकि फिलहाल शहर में घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है। इसके बावजूद आशंका और अफवाहों के कारण लोगों की भीड़ गैस काउंटर पर लगातार बढ़ती जा रही है।
कंचन दीप गैस एजेंसी के प्रोपराइटर टिंकू कुमार ने बताया कि एजेंसी में घरेलू गैस की कोई विशेष दिक्कत नहीं है। हालांकि सप्लाई थोड़ी कम आ रही है, लेकिन नियमित रूप से गैस उपलब्ध हो रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल कमर्शियल गैस की सप्लाई पूरी तरह बंद है।
उन्होंने यह भी कहा कि युद्ध की खबरों के कारण लोगों में भ्रम की स्थिति बन गई है, जिसके कारण गैस काउंटर पर भीड़ बढ़ रही है। वहीं ऑनलाइन बुकिंग में भी कुछ तकनीकी परेशानियां आ रही हैं, जिससे कई लोग सीधे काउंटर पर पहुंचकर बुकिंग करा रहे हैं।

