
उदित वाणी, जमशेदपुर : कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर हॉस्पिटल रोड स्थित एक घर में चोरों ने बीती रात बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोरों ने घर से गहना और नगद समेत करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
पीड़ित गोरागों कैवर्त और उनकी पत्नी पूजा कैवर्त ने बताया कि घटना के समय वे घर पर नहीं थे. परिवार के अन्य सदस्यों ने फोन कर सूचना दी कि घर का ताला टूटा हुआ है. जब वे घर लौटे तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा पड़ा है और घर के सभी कमरे बिखरे हुए हैं. गोदरेज की अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था, जिसमें रखे सोने-चांदी के गहने और नकद रुपये गायब थे.
सूचना मिलते ही कोवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके.
थाना प्रभारी ने बताया कि यह सुनियोजित चोरी प्रतीत होती है. चोरों ने घर की गतिविधियों पर नजर रखी होगी और खाली घर देखकर वारदात को अंजाम दिया. पुलिस टीम संभावित संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है.
घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश दोनों है. लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और क्षेत्र में निगरानी मजबूत करने की मांग की है. वहीं, पुलिस ने लोगों से भी सजग रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत थाने को देने की अपील की है.

