
उदित वाणी जमशेदपुर : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ब्राउन शुगर तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 4 मार्च को वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ, चक्रधरपुर मंडल के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन नारकोस” के तहत की गई।
आरपीएफ की उड़नदस्ता टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि स्टेशन परिसर में कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्टेशन परिसर में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान तीनों संदिग्धों को पकड़कर उनकी तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से ब्राउन शुगर बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुस्तकीम अंसारी उर्फ रतन (निवासी किताडीह), बसंत उपाध्याय उर्फ डेफिनिटी (निवासी कैरिज कॉलोनी, बर्मामाइन्स) तथा राहुल कुमार डे (निवासी गोलमुरी खालसा क्लब क्षेत्र) के रूप में की गई है। तलाशी के दौरान कुल 28 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसका कुल वजन 3.56 ग्राम पाया गया।
प्राथमिक पूछताछ में यह बात सामने आई कि मुस्तकीम अंसारी उर्फ रतन ब्राउन शुगर को आदित्यपुर क्षेत्र से लाकर स्टेशन परिसर में बसंत उपाध्याय उर्फ डेफिनिटी और राहुल कुमार डे को बेचने आया था। इसी दौरान आरपीएफ की टीम ने तीनों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन और 4330 रुपये नकद भी बरामद किए गए। जब्त की गई ब्राउन शुगर की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 3,56,000 रुपये बताई गई है। वहीं बरामद अन्य सामान सहित कुल बरामदगी की कीमत 4,20,330 रुपये आंकी गई है।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे परिसर में नशा तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा। यात्रियों की सुरक्षा और स्टेशन परिसर को नशामुक्त बनाने के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी।

