
उदित वाणी, जमशेदपुर : अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध का असर अब लोगों की रसोई तक पहुंचने लगा है. एलपीजी सिलिंडर की बुकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाला ऑनलाइन सर्वर बार-बार फेल होने से उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ऑनलाइन बुकिंग में देर लगने और कई बार सर्वर फेल होने के कारण लोग गैस एजेंसियों के कार्यालय पहुंचकर मैनुअल बुकिंग कराने को मजबूर हैं.
शुक्रवार को शहर के कई गैस एजेंसियों में उपभोक्ताओं की भीड़ देखी गई. जुगसलाई स्थित काबरा गैस एजेंसी, सोनारी की आरती इंडेन और बिष्टुपुर की सिंह इंडेन गैस एजेंसी के कार्यालयों में सुबह से ही लोग बुकिंग कराने के लिए कतार में खड़े नजर आए.
सोनारी स्थित आरती इंडेन गैस एजेंसी के कर्मचारी पाल दा ने बताया कि पहले जहां बुकिंग के बाद एक से दो दिन के भीतर सिलिंडर की आपूर्ति हो जाती थी, वहीं अब डिलीवरी में तीन से चार दिन का समय लग रहा है. उन्होंने कहा कि इंडेन गैस कंपनी द्वारा 25 दिनों का लॉक-इन पीरियड लागू कर दिए जाने से भी उपभोक्ताओं में चिंता बढ़ गई है, जिसके कारण लोग समय रहते बुकिंग कराने के लिए एजेंसियों का रुख कर रहे हैं.
शहर की अन्य गैस एजेंसियों के अनुसार सामान्य परिस्थितियों में सिलिंडर की डिलीवरी 1 से 2 दिन में हो जाती थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों से यह अवधि बढ़कर 3 से 5 दिन तक पहुंच गई है.

