
उदित वाणी जमशेदपुर : यूनाइटेड क्लब में लायंस क्लब इंटरनेशनल की रीजन कॉन्फ्रेंस का भव्य एवं गरिमामय आयोजन रीजन चेयरमैन लायन अशोक खंडेवाल के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर *लायंस क्लब ऑफ जमशेदपुर भारत ने अपनी उत्कृष्ट सामाजिक सेवा और संगठनात्मक सक्रियता का परिचय देते हुए कुल सात विभिन्न श्रेणियों में अवार्ड अपने नाम किए। समारोह में उपस्थित डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन संजय कुमार ने लायंस क्लब ऑफ जमशेदपुर भारत द्वारा संचालित सेवा परियोजनाओं की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि क्लब की निरंतर सक्रियता और समर्पण ही इसकी पहचान है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण क्लब के पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान जोन चेयरपर्सन भरत सिंह का सम्मान रहा। समाज सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर द्वारा उन्हें प्रतिष्ठित “गोल्ड जेड.सी.” अवार्ड से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जोन चेयरपर्सन भरत सिंह ने लायंस क्लब भारत की अध्यक्ष लायन अंजुला सिंह, सचिव आयुष्मान सिंह, कोषाध्यक्ष सौरभ आनंद, एडमिन मिनल शर्मा सहित सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की।
रीजन चेयरमैन लायन अशोक खंडेवाल ने अपने संबोधन में कहा कि यह उपलब्धि क्लब के सभी सदस्यों की कड़ी मेहनत, एकजुटता और सेवा भावना का परिणाम है। कार्यक्रम के दौरान क्लब के अन्य वरिष्ठ सदस्यों को भी उनके योगदान के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस गरिमामय आयोजन में बड़ी संख्या में लायंस सदस्य एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने लायंस क्लब ऑफ जमशेदपुर भारत की इस उल्लेखनीय सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी।

