
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में लाइसेंसधारकों द्वारा जमा किए गए हथियार वापस नहीं मिलने का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है. इस मुद्दे को लेकर झारखंड कांग्रेस के प्रदेश सचिव राकेश तिवारी ने सोनारी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है.
बताया जाता है कि नवंबर 2025 में घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के दौरान आचार संहिता लागू होने पर कई लोगों ने अपने लाइसेंसी हथियार बिष्टुपुर थाना के सामने स्थित “एटी दा एंड कंपनी” गन शॉप में जमा कराए थे. चुनाव खत्म होने के बाद जब लोग अपने हथियार लेने पहुंचे, तो दुकान बंद मिली.
दुकान के बाहर लगे नोटिस में दुकानदार के बीमार होने और शहर से बाहर रहने की बात कही गई थी. लेकिन अब चार-पांच महीने बीत जाने के बावजूद न तो दुकानदार का कोई पता चला है और न ही उसका मोबाइल चालू है. इससे हथियार मालिकों में बेचैनी और असुरक्षा की भावना बढ़ गई है.
शिकायत में प्रशासन से मांग की गई है कि मामले में हस्तक्षेप कर जल्द समाधान निकाला जाए. वहीं चेतावनी दी गई है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो प्रतिनिधिमंडल बनाकर आगे की रणनीति तय की जाएगी. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

