
उदित वाणी, जमशेदपुर: शहर का एक पेंटर विश्व में सबसे कम वक्त में भगवान विष्णु की सबसे बड़ी पेंटिंग तैयार करने में जुटा है. इन पंक्तियों के लिखे जाने तक पेंटिंग पूरी होने की ओर अग्रसर है और बृहस्पतिवार से पहले यह पूरी हो जाएगी.
शहर के ऑनलाइन आर्ट पोर्टल दिरम्स डॉट कॉम के कलाकार सूर्य प्रताप सामल ये पेंटिंग तैयार कर रहे हैं. इसकी सबसे बड़ी खासियत इसका बड़ा आकार है.इस प्रोजेक्ट का नाम भी बिग पिक्चर सीरीज के तहत ‘अच्युत’ रखा गया है. उल्लेखनीय है कि भगवान विष्णु का एक नाम अच्युत भी है. सूर्य पताप सामल को दिरम्स डॉट कॉम प्रमोट कर रहा है.
इस पेंटिंग के लिए ए फोर साइज के कुल 5796 शीट्स को आपस में जोड़कर विशाल कैनवस तैयार किया गया है. इसका आकार 12 फीट चौड़ा और 315 फीट लंबा है.
पेंटिंग का निर्माण मानगो में बिग बाजार के सामने शिवकुमार स्थली अपार्टमेंट की छत पर हो रहा है. आज सुुबह इसका उद्घाटन होमियोपैथिक चिकित्सक डॉ. आर के प्रजापति तथा दिरम्स डॉट कॉम के संस्थापक अक्षय अग्रवाल ने किया. पूरी पेंटिंग केवल एक्रेलिक कलर में बन रही है.
इसके अलावा इस पेंटिंग में 33 कोटि (संख्या नहीं श्रेणी) देवी देवताओं के चित्र भी रहेंगे. श्याम सुुंदर सामल और राजलक्ष्मी देवी के पुुत्र सूर्य प्रताप को बचपन से ही पेंटिंग में रूचि थी.
छठी कक्षा से ही स्कूूल के ड्राइंग टीचर ने उसे प्रेरित किया. जमशेदपुर में पढ़ाई और भुवनेश्वर से एमबीए करने के बाद सूर्य प्रताप ने मारूति सुुजुकी में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर काम किया और कोरोना के दौर में हुए लॉकडाउन ने उसे फिर से पेंटिंग की ओर लौटा दिया. इसके बाद से उसने कई चर्चित पेंटिंगें बनाई है.

