
उदित वाणी, जमशेदपुर: भूमि विवाद से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन और आम लोगों को स्थानीय स्तर पर समाधान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को अंचल क्षेत्र के विभिन्न थाना परिसरों में “अंचल-सह-थाना दिवस” का आयोजन किया गया.
इस दौरान आयोजित शिविर में भूमि विवाद से संबंधित मामलों की सुनवाई की गई. कुल 18 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 12 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष मामलों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
कार्यक्रम के दौरान राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से मामलों की समीक्षा की. संबंधित पक्षों की समस्याएं सुनी गईं और आपसी समन्वय के जरिए विवादों को सुलझाने का प्रयास किया गया.
जिला प्रशासन ने बताया कि “अंचल-सह-थाना दिवस” का मुख्य उद्देश्य भूमि विवादों का त्वरित, पारदर्शी और स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि अनावश्यक मुकदमेबाजी और विवाद की स्थिति को कम किया जा सके.
प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि वे भूमि संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए इस तरह के शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं.

