
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर जिले में भूमि विवादों के समाधान की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं. उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर अंचल कार्यालयों में हर कार्यदिवस पर दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक भू-विवादों की जनसुनवाई की जा रही है.
आज 70 में से 63 मामलों का समाधान
मंगलवार को जिले भर के विभिन्न अंचलों से कुल 70 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें से 63 मामलों का त्वरित निष्पादन करते हुए आवेदकों को राहत दी गई. शेष 07 मामलों पर प्रक्रिया जारी है, जिन्हें जल्द ही निष्पादित किया जाएगा.
अब तक 932 में से 818 मामलों का निपटारा
इस पहल के तहत अब तक कुल 932 भूमि विवाद संबंधित आवेदन दर्ज हुए हैं. इनमें से 818 मामलों का समाधान किया जा चुका है, जबकि 105 मामलों में कार्यवाही प्रगति पर है.
नागरिकों को स्थानीय स्तर पर राहत
यह जनसुनवाई प्रणाली आम नागरिकों को स्थानीय स्तर पर ही न्याय और समाधान का मंच दे रही है. इससे न केवल प्रशासनिक पारदर्शिता बढ़ रही है, बल्कि वर्षों से लंबित भूमि विवादों के निपटारे में भी गति आ रही है.
