
उदित वाणी जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र के टिल्लू भट्टा बस्ती में अवैध हथियार और नशे के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करने के बाद पुलिस ने सरदार गैंग पर कार्रवाई और तेज़ कर दी है। मुख्य आरोपी लखींद्र सरदार की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके करीबी सहयोगी सुशील केराई को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस गिरफ्तारी को पुलिस अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सुशील केराई लंबे समय से इस अवैध नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और पूरे कारोबार की जानकारी रखता था। जांच के दौरान उसके खिलाफ ठोस सबूत मिले, जिसके आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। छापेमारी में सामने आया कि सुशील, लखींद्र सरदार के साथ मिलकर न केवल अवैध हथियारों के कारोबार की जानकारी रखता था, बल्कि नशे और अवैध शराब के कारोबार में भी शामिल था।
एसएसपी पीयूष पांडे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एक विशेष टीम गठित की है, जो लगातार गैंग के बाकी सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का मानना है कि यह नेटवर्क केवल सोनारी क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके तार शहर के कई हिस्सों से जुड़े हो सकते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरदार गैंग का लंबे समय से इलाके में दबदबा रहा है और इसकी जड़ें कहीं अधिक गहरी हो सकती हैं। पुलिस की कार्रवाई से इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। अधिकारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस ने सुशील केराई को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए नेटवर्क के अन्य सक्रिय सदस्यों पर निगरानी और कड़ी कर दी है।

