
उदित वाणी, जमशेदपुर : आदिवासी कुड़मी समाज के केंद्रीय अध्यक्ष मनोज महतो टिडुआर के नेतृत्व में बुधवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड के राज्यपाल से मिलकर एक मांग पत्र सौंपा. केंद्रीय अध्यक्ष ने कहा कि विशेषकर कुड़मी समाज द्वारा विभिन्न संवैधानिक मुद्दों, अनुसूचित जनजाति में सूचीबद्ध करने, कुड़मालि भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल करने एवं सारना धर्म कोड की मान्यता आदि की मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से किए जा रहे आंदोलन में अनुसूचित जनजाति के एक विशेष वर्ग द्वारा आये दिन सभा, रैली एवं सोशल मीडिया में कुड़मी समुदाय के प्रति अभद्र टिप्पणी, गाली-गलौज, एवं भड़काऊ भाषण देते हुए कुड़मी शहीदों पर अभद्र टिप्पणी एवं माननीयों को धमकी दी जा रही है. इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए आदिवासी कुड़मी समाज की ओर से राज्यपाल को 6 सूत्री मांग पत्र सौंपा गया एवं आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया गया है. मांगें इस प्रकार हैं :
1. राज्य एवं केंद्र स्तर पर आदेश जारी कर यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी समाज, जनजाति, भाषा, संस्कृति या समुदाय के विरुद्ध अभद्र भाषा, अपमानजनक टिप्पणी या गाली-गलौज करने वालों पर तत्काल रोक लगे.
2. सोशल मीडिया (यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सऐप) पर किसी भी समुदाय के विरुद्ध नफ़रत फैलाने, उकसाने या झूठे प्रचार से संबंधित वीडियो/पोस्ट डालने वालों की पहचान कर आईटी एक्ट, आईपीसी एवं संबंधित धाराओं के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए.
3. मंच, सभा, रैली, राजनैतिक या सामाजिक कार्यक्रमों में समुदाय विशेष को नीचा दिखाने या अपमानित करने वाले वक्ताओं पर तत्काल प्रतिबंध/एफआईआर दर्ज की जाए.
4. सभी जिलों के उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षकों को सामुदायिक तनाव से संबंधित प्रत्येक घटना पर तत्काल संज्ञान लेने एवं आवश्यक कदम उठाने हेतु निर्देशित किया जाए.
5. कुड़मी समाज सहित सभी आदिवासी एवं मूलवासी समुदायों के ऐतिहासिक शहीदों, आंदोलनकारियों और सामाजिक नायकों का अपमान करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
6. दोनों समाजों के बीच भाईचारा, संवाद एवं शांति स्थापित करने के लिए राज्य स्तर पर सौहार्द समिति का गठन किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या उत्तेजक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके.
प्रतिनिधि मंडल में मुख्य रूप से केंद्रीय उपाध्यक्ष निरंजन बंसरिआर, प्रदेश उपाध्यक्ष सुधांशु बानुआर, केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य संदीप कुमार महतो, रामगढ़ जिला कोषाध्यक्ष सत्यनारायण महतो शामिल हुए.

