
उदित वाणी, जमशेदपुर: इंडियन मेडिकल कॉलेज में स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रम की सीटों में संभावित वृद्धि को लेकर शनिवार को कोल्हान विश्वविद्यालय की जांच टीम MGM मेडिकल कॉलेज पहुंची। टीम ने विभिन्न विभागों में उपलब्ध संसाधनों, फैकल्टी, लैब, उपकरण और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का निरीक्षण शुरू किया।
बताया गया कि कॉलेज में करीब 38 स्नातकोत्तर सीटों की वृद्धि का प्रस्ताव है। इसी को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय की टीम यह आकलन कर रही है कि कॉलेज में नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) की निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार सीटों की संख्या बढ़ाने की पर्याप्त व्यवस्था और आधारभूत संरचना मौजूद है या नहीं।
जांच के दौरान टीम ने कॉलेज के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों और पदाधिकारियों से भी जानकारी ली तथा उपलब्ध संसाधनों का विस्तृत मूल्यांकन किया। टीम यह भी देख रही है कि फैकल्टी की संख्या, मरीजों की उपलब्धता, वार्ड, प्रयोगशालाएं और शिक्षण सुविधाएं एनएमसी के मानकों के अनुरूप हैं या नहीं। निरीक्षण के बाद कोल्हान विश्वविद्यालय की टीम अपनी विस्तृत रिपोर्ट कॉलेज प्रशासन को सौंपेगी। इस रिपोर्ट के आधार पर कॉलेज प्रबंधन नेशनल मेडिकल कमीशन को औपचारिक आवेदन करेगा।
इसके बाद एनएमसी की टीम भी कॉलेज का दौरा कर अंतिम रूप से संसाधनों का मूल्यांकन करेगी। यदि सभी मानक पूरे पाए गए तो कॉलेज को स्नातकोत्तर सीटों में वृद्धि और नए नामांकन की अनुमति मिल सकती है। कॉलेज प्रशासन का मानना है कि सीटों में वृद्धि होने से न केवल मेडिकल शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि क्षेत्र में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता भी बढ़ेगी, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।

