
उदित वाणी, जमशेदपुर : कोल्हान प्रमंडल के वस्त्र व्यापारियों के प्रतिनिधि संगठन जमशेदपुर थोक वस्त्र विक्रेता संघ के तत्वावधान में होली मिलन समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया. यह कार्यक्रम जुगसलाई स्थित ऋषि भवन में आयोजित हुआ, जिसमें शहर के बड़ी संख्या में वस्त्र व्यापारियों ने भाग लिया.
अबीर-गुलाल के साथ साझा की होली की खुशियां
कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे व सौहार्द के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं. समारोह को और भी रंगारंग बनाने के लिए कई सदस्यों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिसका उपस्थित लोगों ने भरपूर आनंद लिया.
व्यापारियों को दी गईं रोचक उपाधियां
समारोह के दौरान संघ के सदस्य प्रमोद सरायवाला ने मनोरंजक अंदाज में विभिन्न व्यापारियों को अलग-अलग उपाधियां प्रदान कीं. उनकी इस पहल से पूरे कार्यक्रम में हास्य और उत्साह का माहौल बना रहा.
व्यापारिक एकता को मजबूत करने का अवसर
इस मौके पर संघ के अध्यक्ष अनिल मोदी ने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं है, बल्कि यह आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का अवसर भी है. उन्होंने कहा कि व्यापारिक एकता में ही संगठन की असली शक्ति निहित है. व्यस्त व्यापारिक जीवन के बीच ऐसे आयोजन व्यापारियों को एक मंच पर लाकर आपसी संवाद और एकजुटता को मजबूत करते हैं.
कई पदाधिकारियों ने किया संबोधन
कार्यक्रम को संघ के संरक्षक कैलाश काबरा, पूर्व अध्यक्ष नवल किशोर बरनवाल, कमल जैन, स्वरूप गोलछा, सचिव अशोक सारस्वत, संयोजक कमल किशोर लड्ढा तथा सह संयोजक महेश सरायवाला ने भी संबोधित किया.
इस अवसर पर मुख्य रूप से वासुदेव छापोलिया, अशोक जैन, कमल लालवानी, एच.डी. दवे, अशोक सरायवाला, पंकज पाड़िया, संतोष छापोलिया, बिट्टू सारस्वत, प्रदीप बीदासरिया, श्याम अग्रवाल, देवेश बेरिया, सोनू अग्रवाल, अवध बरनवाल, अरविंद अग्रवाल और राजेंद्र जैन सहित बड़ी संख्या में वस्त्र व्यापारी उपस्थित थे. सभी ने मिलकर होली मिलन समारोह का आनंद लिया और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं.

