
उदित वाणी, जमशेदपुर : कोल्हान क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करने के उद्देश्य से कोल्हान के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा मंगलवार को जमशेदपुर पहुंचे. उनके आगमन पर पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने औपचारिक रूप से गार्ड ऑफ ऑनर देकर उनका स्वागत किया. इसके बाद वे सीधे पुलिस कार्यालय पहुंचे, जहां कोल्हान क्षेत्र की अपराध स्थिति को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई.
बैठक में जिले के एसएसपी, एसपी, डीएसपी समेत विभिन्न थाना प्रभारियों ने हिस्सा लिया. इस दौरान हाल के दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं, लंबित मामलों की प्रगति और अपराध नियंत्रण को लेकर किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की गई. अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में अपराध की स्थिति और कार्रवाई की रिपोर्ट भी प्रस्तुत की.
डीआईजी ने बैठक के दौरान स्पष्ट निर्देश दिया कि चोरी, लूट और छिनतई जैसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस को और अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं में शामिल अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि आम लोगों में सुरक्षा की भावना बनी रहे.
उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त को और प्रभावी बनाया जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए. इसके अलावा लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों और अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया.
बैठक में आने वाले त्योहारों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई. डीआईजी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए. साथ ही पुलिस की मौजूदगी और निगरानी बढ़ाकर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पहले से तैयारी रखने को कहा गया.
डीआईजी ने कहा कि पुलिस की सक्रियता और समय पर कार्रवाई से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है. उन्होंने अधिकारियों से बेहतर समन्वय के साथ काम करने और आम जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया.

