
उदित वाणी जमशेदपुर: जुगसलाई स्थित श्री बैकुंठ धाम सात मंदिर में श्री श्याम ज्योत मंडल द्वारा 29 मार्च को खाटू नरेश श्याम बाबा का 25वां वार्षिकोत्सव भव्य रूप से मनाया जाएगा. आयोजन को लेकर मंडल की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं.
वार्षिकोत्सव के अवसर पर 29 मार्च को प्रातः 8 बजे राम टेकरी मंदिर से बाबा श्याम की भव्य निशान यात्रा निकाली जाएगी, जो जुलूस के रूप में विभिन्न मार्गों से होते हुए श्री बैकुंठ धाम सात मंदिर पहुंचेगी. यहां बाबा को निशान अर्पित करने के साथ यात्रा का समापन होगा.
मंडल के सदस्यों ने बताया कि बाबा श्याम के आकर्षक और अलौकिक श्रृंगार के लिए कोलकाता से विशेष रूप से फूल और कारीगर बुलाए जा रहे हैं. वहीं रात्रि 9 बजे अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित की जाएगी. इस वर्ष श्रद्धालुओं के लिए सवामनी भोग की भी व्यवस्था की जा रही है, जिसके लिए भक्तों से कूपन लेने का अनुरोध किया गया है.
कार्यक्रम के दौरान भक्ति संगीत का भी विशेष आयोजन होगा. इसमें हरियाणा के हिसार से गायक विजय राजपूत और राजस्थान के सूरजगढ़ से गायक सुनील शर्मा अपने सुमधुर भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे.
आयोजन का मुख्य आकर्षण “एक शाम श्याम बाबा के संग” भजन संध्या होगी, जो रात्रि 9 बजे से शुरू होकर रात 2 बजे महाआरती के साथ संपन्न होगी. इसके बाद उपस्थित सभी श्याम भक्तों के बीच छप्पन भोग प्रसाद का वितरण किया जाएगा.
श्री श्याम ज्योत मंडल ने सभी श्याम भक्तों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में श्री बैकुंठ धाम सात मंदिर पहुंचकर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करें.

