
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर सीएच एरिया के उद्यमी कैरव गांधी के अपहरण मामले में 8 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सफलता नहीं लगी है. लगातार छापेमारी और पूछताछ के बावजूद अपहृत कैरव गांधी का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है. इस बीच पुलिस ने सोनारी निवासी सोनू नामक युवक को हिरासत में लिया है, जिससे गहन पूछताछ की जा रही है. साथ ही बिहार के हाजीपुर, जहानाबाद, पटना और पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिया गया सोनू पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है. जांच के दौरान यह जानकारी सामने आई है कि उसके संपर्क बिहार के कुछ अपराधियों से रहे हैं. इसी कड़ी में हाजीपुर में छापेमारी कर दो अन्य युवकों को भी हिरासत में लिया गया है, जिनसे अलग-अलग बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है. हालांकि, अब तक जांच एजेंसियों को ऐसा कोई पुख्ता सबूत नहीं मिला है, जिससे अपहरण की पूरी कड़ी स्पष्ट हो सके.
कैरव गांधी की सुरक्षित बरामदगी के लिए गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) लगातार दूसरे राज्यों में सक्रिय है. पुलिस को आशंका है कि इस अपहरण के पीछे किसी अंतरराज्यीय गिरोह का हाथ हो सकता है. इसी संभावना के चलते जांच का दायरा झारखंड की सीमाओं से बाहर तक बढ़ा दिया गया है. मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों की गतिविधियों की बारीकी से जांच की जा रही है.
मामले में अब तक कोई बड़ी सफलता नहीं मिलने के बाद पुलिस मुख्यालय ने इसे गंभीरता से लेते हुए कोल्हान के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा को इस केस की सीधी मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी है. इसके साथ ही जांच को और तेज करने के लिए सीआईडी और स्पेशल ब्रांच को भी सक्रिय कर दिया गया है. सभी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ काम कर रही हैं, ताकि अपहरणकर्ताओं तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके और कैरव गांधी को सुरक्षित मुक्त कराया जा सके.
इधर, घटना को छह दिन बीत जाने के बावजूद कैरव गांधी का कोई पता नहीं चलने से परिजन गहरे सदमे में हैं. परिवार की चिंता और बेचैनी दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है. परिजन प्रशासन से बार-बार अपील कर रहे हैं कि हर संभव प्रयास कर उनके बेटे को सुरक्षित वापस लाया जाए. घर में मातम जैसा माहौल है और हर गुजरता पल परिवार पर भारी पड़ रहा है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है. हर संभावित एंगल से जांच की जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ मानवीय खुफिया तंत्र को भी सक्रिय किया गया है. पुलिस का दावा है कि जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है और जल्द ही इस मामले में कोई बड़ा खुलासा हो सकता है. शहरवासियों की नजरें भी इस केस पर टिकी हैं और हर कोई कैरव गांधी की सुरक्षित वापसी की उम्मीद कर रहा है.

