
उदित वाणी, जमशेदपुर : आगामी दीपावली, कालीपूजा एवं छठ पर्व के अवसर पर सुरक्षा, व्यवस्था एवं सुगम यातायात सुनिश्चित करने को लेकर उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों की बैठक समाहरणालय सभागार में आयोजित हुई. इस बैठक में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री ऋषभ गर्ग, पुलिस अधीक्षक (सिटी) श्री कुमार शिवाशीष, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर श्री भगीरथ प्रसाद, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, उप नगर आयुक्त जेएनएसी श्री कृष्ण कुमार, डीटीओ श्री धनंजय, एसडीएम धालभूम श्री चंद्रजीत सिंह, डीएसपी हेडक्वार्टर श्री भोला प्रसाद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

बैठक में त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियों की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने कहा कि त्योहारों में राजनीतिक दलों व प्रत्याशियों द्वारा आदर्श आचार संहिता का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाएगा. इसके लिए उड़नदस्ता दल एवं सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखी जाएगी.
अग्निशमन विभाग को बड़े पटाखा बाजार जैसे आमबगान, जुगसलाई, मानगो में अग्निशमन वाहन तैनात करने एवं पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिये गये. घनी आबादी वाले क्षेत्रों में पटाखों का संग्रहण और अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले पटाखों के उपयोग से बचने की अपील की गई.
काली पूजा को लेकर विशेष निर्देश दिए गए कि मूर्ति विसर्जन जुलूस में डीजे का सही मॉनिटरिंग हो, अश्लील तथा सामाजिक सौहार्द्र बिगाड़ने वाले संगीत न चलें और शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए. छठ घाटों की साफ-सफाई, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, डेंजर जोन मार्किंग एवं नाविकों की टैगिंग का पूरा खयाल रखा जाएगा. माइकिंग, विद्युत व्यवस्था, ड्रॉप गेट, मोटरेबल पहुंच पथ और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए भी दिशा-निर्देश दिये गये.
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने बताया कि सभी संवेदनशील क्षेत्रों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं सशस्त्र बल तैनात किये जाएंगे. वाहनों की जांच और ट्रैफिक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा. काली पूजा विसर्जन और छठ घाटों का भौतिक सत्यापन भी समय पर किया जाएगा.
उपायुक्त ने कहा कि सभी नागरिकों की सुरक्षा जिला प्रशासन की प्रथम प्राथमिकता है और सभी अधिकारी पर्वों को शांति एवं सुव्यवस्था के साथ संपन्न कराने को प्रतिबद्ध हैं.

