
उदित वाणी, जमशेदपुर : कपाली ओपी पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर नकेल कसते हुए एक बड़े तस्कर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर हासांडुगरी काला ईंट भट्टा के पास छापेमारी की और आरोपी मोहम्मद अरमान (पिता शेख जुम्मन) को 81 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया. कार्रवाई ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में की गई.
छापेमारी के दौरान आरोपी के पास से 81 पुड़िया ब्राउन शुगर, 2800 रुपये नकद, एक काले रंग की एक्टिवा स्कूटी (जेएच 05डीडब्लू-1909) और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया. पुलिस ने बिना समय गंवाए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया.
जांच में खुलासा हुआ कि मोहम्मद अरमान स्थानीय स्तर पर ब्राउन शुगर की सप्लाई करता था और कपाली तथा आसपास के इलाकों में नशे का नेटवर्क सक्रिय रूप से संचालित कर रहा था. पुलिस अब यह जानकारी जुटा रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा ब्राउन शुगर की सप्लाई कहां से होती थी. इस संबंध में कई संदिग्धों से पूछताछ की तैयारी की जा रही है.
ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने कहा कि कपाली क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है. उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि नशे के धंधे में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में राहत की भावना है और कानून व्यवस्था के प्रति भरोसा मजबूत हुआ है. लोगों ने उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे.

