
उदित वाणी, जमशेदपुर : कपाली ओपी और ट्रैफिक पुलिस ने बुधवार को संयुक्त रूप से संघन मोटरसाइकिल जांच अभियान चलाया. इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों पर पुलिस टीमों ने मोटरसाइकिल चालकों के कागजात, हेलमेट और यातायात नियमों की गहन जांच की. अभियान में कई लोगों को नियमों का उल्लंघन करते पाया गया, जिन पर पुलिस ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए लगभग 27 हजार रुपये का स्पॉट फाइन वसूला.
कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार ने बताया कि अपराध और नशाखोरी पर रोक लगाने के लिए लगातार इस तरह के अभियान चलाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें.
ओपी प्रभारी ने बताया कि यातायात नियमों के उल्लंघन से सड़क हादसों की संभावना बढ़ जाती है. ऐसे में हेलमेट पहनना, मान्य कागजात रखना और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाना बेहद जरूरी है. पुलिस का यह अभियान न केवल चालकों को अनुशासित करने में मदद करेगा, बल्कि क्षेत्र में अपराधियों की गतिविधियों पर भी अंकुश लगाएगा.
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत किया और कहा कि ऐसे अभियानों से सुरक्षा का भरोसा मिलता है. पुलिस-प्रशासन का मानना है कि कपाली क्षेत्र में नशाखोरी, अड्डेबाजी और अपराध की घटनाओं को रोकने के लिए सख्ती जरूरी है. आने वाले दिनों में भी इस तरह की जांच कार्रवाई जारी रहेगी, जिससे लोगों में यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और सड़क सुरक्षा मजबूत होगी.
