
उदित वाणी, कांड्रा : शनिवार को कांड्रा थाना क्षेत्र में आगामी त्योहारों को लेकर “प्रहरी” पहल के तहत सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए पुलिस ने पैदल गश्ती की. थाना प्रभारी विनोद मुर्मू के नेतृत्व में सुरक्षा बल के साथ इलाके के मुख्य बाजार, सार्वजनिक स्थल और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में गश्ती की गई. इस कार्रवाई का मकसद अपराध नियंत्रण, अड्डेबाजी, छेड़खानी, अवैध पार्किंग और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाना था.
पुलिस ने स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर उनकी सुरक्षा चिंताओं को सुना और वहां शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने का संकल्प जताया. थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या कानून व्यवस्था बाधित करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी. स्थानीय जनता ने पुलिस की इस सक्रिय पहल की प्रशंसा करते हुए सहयोग का आश्वासन दिया.
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके. त्योहारों के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए कांड्रा पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है और ऐसे उपाय किए हैं जिससे क्षेत्र सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण बना रहे.

