
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना अंतर्गत शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर–2 निवासी 60 वर्षीय वृद्ध महिला अमीना बीते 15 दिनों से लापता है. पुलिस में गुमशुदगी दर्ज होने और परिजनों द्वारा लगातार खोजबीन किए जाने के बावजूद अब तक महिला का कोई सुराग नहीं मिल सका है. इस मामले को लेकर गुरुवार को लापता महिला की बेटी सबीला बीबी ने जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को ज्ञापन सौंपकर अपनी मां को खोजने की गुहार लगाई है.
ज्ञापन में सबीला बीबी ने बताया कि उनकी मां अमीना मानसिक रूप से विक्षिप्त हैं और 15 दिन पूर्व घर से बिना बताए निकल गई थीं, जिसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका है. परिजनों ने आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली. मजबूर होकर 4 दिसंबर को कदमा थाना में उनकी गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया.
सबीला बीबी ने यह भी बताया कि इससे पूर्व भी उनकी मां दो बार घर से निकल गई थीं, लेकिन तब परिजनों ने उन्हें खोजकर सुरक्षित वापस घर ले आया था. इस बार हालांकि काफी प्रयासों के बावजूद अमीना का कहीं कोई पता नहीं चल पाया है, जिससे परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है.
परिजनों के अनुसार जिस दिन अमीना लापता हुई थीं, उस दिन उन्होंने लाल रंग की साड़ी पहन रखी थी. उनकी लंबाई लगभग 4 फीट 6 इंच है, चेहरा गोल है और बाल सफेद हैं. परिजनों ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं महिला दिखे तो तत्काल पुलिस या परिजनों को सूचना दें.
इधर, एसएसपी ने सबीला बीबी की शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए जल्द से जल्द महिला को खोजने का आश्वासन दिया है. पुलिस द्वारा मामले की जांच और तलाश तेज किए जाने की बात कही गई है.

