
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में यातायात एवं सड़क सुरक्षा पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई. बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अनिकेत सचान, सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, एसडीएम धालभूम शताब्दी मजूमदार, एसडीएम घाटशिला सुनील चंद्र समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.
सड़क हादसों पर रोकथाम की रणनीति
बैठक में निर्णय लिया गया कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए स्लाइडिंग बैरियर, रंबल स्ट्रिप, रिफ्लेक्टिव साइनेज और ब्लिंकर्स जैसे उपाय सभी संवेदनशील स्थानों पर लगाए जाएंगे. अंधे मोड़ों पर मिरर लगाना भी अनिवार्य किया जाएगा ताकि दृष्टिगत बाधाएं दूर की जा सकें.
हिट एंड रन मामलों में राहत
उपायुक्त ने हिट एंड रन के 27 लंबित मामलों में मुआवजा भुगतान 90 दिनों के भीतर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को मुआवजा हेतु कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए संबंधित विभागों में समन्वय स्थापित कर समयबद्ध प्रक्रिया अपनाई जाए.
गुड समारिटन को मिलेगा प्रोत्साहन
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाने वाले गुड समारिटन को ₹5000 तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. साथ ही उन्हें किसी कानूनी प्रक्रिया से मुक्त रखा जाएगा. इस संबंध में जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्देश भी दिया गया.
हेलमेट नहीं तो पेट्रोल नहीं
सख्त निर्देश जारी करते हुए उपायुक्त ने कहा कि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जाए. इसके अनुपालन की जिम्मेदारी पेट्रोल पंप प्रबंधकों पर होगी.
ओवरस्पीड, गलत दिशा में ड्राइविंग बनी हादसों की बड़ी वजह
अधिकारियों ने बताया कि हाईवे किनारे वाहनों की अवैध पार्किंग, ओवरस्पीड और गलत दिशा में गाड़ी चलाना सड़क हादसों के प्रमुख कारण हैं. मई महीने में 29 दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 24 लोगों की मौत और 12 घायल हुए. सभी घटनास्थलों की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू किए जाएंगे.
नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई
मई माह में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर प्रशासन ने 312 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए. जांच अभियान के तहत बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट समेत विभिन्न मामलों में करीब ₹22 लाख का जुर्माना वसूला गया. साथ ही 3346 नए ड्राइविंग लाइसेंस बनाए गए, जिनमें 2842 पुरुष और 504 महिलाएं शामिल हैं.
बैठक में कौन-कौन रहे शामिल?
इस बैठक में डीटीओ धनंजय, जेएनएसी के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव, डीएसपी भोला प्रसाद, ट्रैफिक डीएसपी, टाटा स्टील और जुस्को प्रतिनिधि, बस एसोसिएशन प्रतिनिधि समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे.

