
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई के गरीब नवाज कॉलोनी में फरार प्रेमी युगल का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. युवती के घरवालों और युवक के परिवार के बीच तनाव खुलकर सामने आ गया है. आरोप है कि गुरुवार शाम युवती पक्ष ने बातचीत के बहाने युवक के पिता और भाई को घर बुलाया और उनके साथ मारपीट की.
घटना के बाद युवक अपने पिता के साथ शिकायत दर्ज कराने जुगसलाई थाना पहुंचा. परिजनों का आरोप है कि थाने में उन्हें बैठा लिया गया और फरार युवक-युवती को सरेंडर कराने के लिए दबाव बनाया गया.
युवक के पिता मोजाहिद हुसैन उर्फ बबलू ने बताया कि उनका बेटा जाहीद हुसैन उर्फ विक्की दो दिन पहले एक युवती के साथ घर से चला गया. युवती के पिता ने इस संबंध में थाने में शिकायत दर्ज कराई है. मोजाहिद का कहना है कि बातचीत के नाम पर बुलाकर मारपीट करना सरासर गलत है. उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है.
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और इलाके में स्थिति पर नजर बनाए हुए है.

