
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद चुनाव के दौरान वार्ड नंबर 9 के मतदान केंद्र सेंट जॉन हाई स्कूल के बूथ नंबर 9 पर जमकर हंगामा मच गया. मतदान प्रक्रिया के बीच हुई मारपीट से एक घंटे तक वोटिंग पूरी तरह बाधित रही. भाजपा समर्थित प्रत्याशी रिंकू सिंह के पोलिंग एजेंट शिशिर सिंह पर हमला किया गया, जिसमें उन्हें बुरी तरह पीटा गया. हंगामे के बाद कुछ लोगों को हिरासत में लेकर सदर थाने ले जाया गया है. सीओ, बीDO सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए.
दूसरी ओर, रिंकू सिंह धरने पर बैठ गईं और बोगस वोटिंग का आरोप लगाते हुए मतदान फिर शुरू करने की मांग कर रही हैं. पुलिस ने भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया है, ताकि आगे कोई अप्रिय घटना न हो. स्थानीय लोगों ने इस घटना पर नाराजगी जताई है.

