
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के उत्तरी सरजमदा पंचायत अंतर्गत सरजमदा गुरुद्वारा के पास सरकारी जमीन पर बन रहे सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य ग्रामीणों के विरोध के बाद रुक गया. ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर काम ठप करा दिया और ग्राम प्रधान सहित सभी से स्पष्टीकरण की मांग की.
ग्रामीणों और ग्राम प्रधान का आरोप है कि विधायक निधि से बन रहे इस भवन के लिए ग्राम सभा का आयोजन नहीं किया गया. न पंचायत को और न ही ग्रामीणों को इसकी कोई पूर्व जानकारी दी गई थी. इसी नाराजगी के चलते ग्रामीणों ने निर्माण कार्य को तत्काल रोक दिया. उनका कहना है कि बहुत जल्द ग्राम सभा बुलाकर पूरी वस्तुस्थिति गांव वालों के समक्ष रखी जाएगी, उसके बाद ही आगे का फैसला लिया जाएगा.
स्थानीय ग्रामीण सुरेंद्र महतो ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भवन निर्माण वाली जगह गांव का प्रमुख आवागमन मार्ग है. कुछ लोग इस रास्ते को बंद करने की मंशा से जानबूझकर यहां भवन बनवा रहे हैं. उन्होंने प्रशासन से इसकी जांच की मांग की है.
बताया जाता है कि यह सरकारी जमीन प्लॉट नंबर 1201 और 1205 तथा खाता नंबर 479 की है. विधायक मंगल कालिंदी की अनुशंसा पर जमशेदपुर अंचल प्रशासन ने इसे प्रजापति समाज के लिए सामुदायिक भवन हेतु आवंटित किया था. अंचल प्रशासन ने जमीन पर सरकारी बोर्ड भी लगाया है. सूत्रों के अनुसार, पहले इस जमीन पर भू-माफियाओं की नजर थी, लेकिन अतिक्रमण रोकने के उद्देश्य से इसे सामुदायिक उपयोग के लिए दिया गया.
फिलहाल निर्माण कार्य पूरी तरह बंद है. अब सभी की नजरें आगामी ग्राम सभा और प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं.

