
उदित वाणी जमशेदपुर : जुगसलाई चौक बाजार स्थित ऑपटिकल्स एंड स्टोन्स दुकान से 12 लाख रुपये मूल्य के रत्न की चोरी मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। घटना के बाद दर्ज अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी को पुलिस ने तकनीकी जांच की मदद से सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वारदात 29 नवंबर की सुबह हुई थी और इसे बेहद योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरबाज खान उर्फ चुआं के रूप में की गई है, जो जुगसलाई के पंछी मोहल्ला का निवासी है। घटना के बाद वह लगातार छिपने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस की सक्रियता और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर उसे दबोच लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी छोटे-मोटे चोरी के मामलों में शामिल रहा है।
चोरी की घटना सुबह 10:30 से 10:50 बजे के बीच घटी, जब दुकान मालिक करण सिंह शौचालय गए हुए थे। करण सिंह जुगसलाई पुरानी बस्ती रोड के श्रुति चौक के रहने वाले हैं। उनके बाहर जाते ही अरबाज दुकान में घुसा और कुछ ही मिनटों के अंदर शोकेस से महंगा रत्न लेकर फरार हो गया। वारदात इतनी तेजी से हुई कि आसपास के लोगों को भनक तक नहीं लगी
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी की तस्वीर साफ नजर आई, जिसके आधार पर उसकी पहचान की गई। फुटेज सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी घटना चर्चा में रही, जिससे आरोपी के परिवार को भी इसकी जानकारी मिली। पुलिस ने तकनीकी जांच के साथ ही स्थानीय मुखबिरों की मदद से उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को रविवार को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस अब चोरी गए रत्न की बरामदगी को लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

