
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव में ‘जुड़वा बच्चों’ से संबंधित नियम को लेकर नया विवाद सामने आया है. इस मामले में जुगसलाई निवासी आरती चौधरी ने अपने नामांकन पत्र को निरस्त किए जाने पर आपत्ति जताते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
शिकायत में कहा गया है कि नगर निकाय आम निर्वाचन 2026 के तहत जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए उन्होंने विधिवत नामांकन दाखिल किया था, जिसे ‘जुड़वा बच्चों’ से संबंधित पत्रांक 961 का हवाला देते हुए रद्द कर दिया गया.
आवेदिका का आरोप है कि समान परिस्थितियों में अन्य स्थानों पर प्रत्याशियों के नामांकन स्वीकार किए गए हैं, ऐसे में उनके साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया गया.
आवेदन के साथ ‘अखबार’ में प्रकाशित संबंधित समाचार की कटिंग भी संलग्न की गई है, जिसमें जुड़वा बच्चों के मामलों में नामांकन को लेकर व्याप्त असमंजस को उजागर किया गया है.
शिकायतकर्ता ने मांग की है कि राज्य निर्वाचन आयोग इस विषय में स्पष्ट और एकरूप दिशा-निर्देश जारी करे, ताकि नामांकन प्रक्रिया में समानता और न्याय सुनिश्चित हो सके.
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त ने राज्य निर्वाचन आयोग को पत्र भेजकर जुड़वा बच्चों के संदर्भ में आवश्यक दिशा-निर्देश उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है.
आयोग के निर्देश के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होने की बात कही जा रही है. इस घटनाक्रम के बाद जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद का चुनावी माहौल और अधिक गरमा गया है, वहीं प्रत्याशियों और राजनीतिक हलकों में इस फैसले को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
