
उदित वाणी जमशेदपुर: जुगसलाई थाना अंतर्गत गरीब नवाज कॉलोनी से पिछले एक सप्ताह से लापता प्रेमी युगल जाहिद हुसैन उर्फ विक्की (25) और निखद गुल (20) का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। पीड़ित पिता मुजाहिद हुसैन सपरिवार एसपी कार्यालय पहुंचे और सिटी एसपी शिवाशीष कुमार से मिलकर लिखित शिकायत सौंपी। उन्होंने अपने बेटे की बरामदगी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
मुजाहिद के अनुसार, 25 फरवरी की रात से दोनों लापता हैं। उन्होंने बताया कि 1 फरवरी को निखद गुल अचानक उनके घर पहुंची थी और जाहिद से निकाह करने की जिद करने लगी थी। उस समय जाहिद कोलकाता में था। परिवार ने समझाने की कोशिश की, लेकिन मामला बढ़ने पर लड़की को जुगसलाई थाना के सुपुर्द कर दिया गया, जहां से पुलिस ने उसके परिजनों को बुलाकर उसे सौंप दिया।
परिजनों का आरोप है कि 24 फरवरी की देर रात जाहिद घर से चला गया और अगले दिन सुबह जानकारी मिली कि निखद भी गायब है। तब से दोनों का मोबाइल बंद है, जिससे परिवार को अनहोनी की आशंका सता रही है।
मुजाहिद ने यह भी आरोप लगाया कि 27 फरवरी को उनके दूसरे बेटे सोहेल हुसैन उर्फ लक्की को बिष्टुपुर क्षेत्र से कुछ लोगों ने पूछताछ के नाम पर उठाने की कोशिश की। विरोध करने पर लड़की पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट की। उन्होंने पुलिस पर भी कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी शिवाशीष कुमार ने डीएसपी तौकिर आलम को जांच कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है।

