
उदित वाणी, जमशेदपुर : साल 2026 के पहले दिन गुरुवार को शहर का ऐतिहासिक जुबिली पार्क एक बार फिर सैलानियों से गुलजार नजर आया. गुनगुनी धूप और खुशनुमा मौसम का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ पार्क पहुंचे. किसी ने हरियाली के बीच घूमते हुए सुकून के पल बिताए तो किसी ने पिकनिक मनाकर नए साल की शुरुआत की खुशियां साझा कीं.
हर वर्ष की तरह इस साल भी टाटा प्रबंधन की ओर से जुबिली पार्क को विशेष रूप से सैलानियों के लिए सजाया-संवारा गया है. आकर्षक लैंडस्केपिंग, रंग-बिरंगे फूल, हरी-भरी घास और साफ-सुथरे वातावरण ने पार्क की सुंदरता को और भी निखार दिया है.
जुबिली पार्क न सिर्फ जमशेदपुर निवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र है, बल्कि आसपास के राज्यों से आने वाले पर्यटकों के लिए भी पसंदीदा स्थल बन गया है. सर्दियों के मौसम में पार्क की प्राकृतिक खूबसूरती अपने चरम पर होती है, यही कारण है कि बड़ी संख्या में लोग यहां खिंचे चले आते हैं.
इस बार भी पश्चिम बंगाल और ओडिशा से सैकड़ों सैलानियों ने जुबिली पार्क पहुंचकर इसकी मनोरम वादियों और शांत वातावरण का आनंद लिया. पूरे दिन पार्क में रौनक बनी रही और बच्चे, युवा व बुजुर्ग सभी ने नए साल का जश्न उल्लासपूर्वक मनाया.

