
उदित वाणी, जमशेदपुर: डॉ. श्रीकृष्ण सिन्हा संस्थान में आज जे.एन. टाटा जयंती-सह-होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. श्रीकृष्ण सिन्हा संस्थान के प्रधानसचिव डॉ. हरिबल्लभ सिंह ‘आरसी’ एवं आरका जैन विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति एवं संस्थान के सचिव डॉ. अंगद तिवारी, विद्यालय के कोषाध्यक्ष श्री डी.एन. सिंह, उप प्राचार्या डॉ. रंजना कुमारी एवं संयोजिका डॉ. बबिता तिवारी ने जे.एन. टाटा की तस्वीर पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
प्रमुख वक्ताओं के संबोधन
अपने संबोधन में डॉ. हरिबल्लभ सिंह ‘आरसी’ ने जे.एन. टाटा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चर्चा करते हुए टाटा स्टील कारखाने का निर्माण किस प्रकार हुआ इस पर विस्तार से चर्चा की। इन्होंने आगे बताया कि पहले साकची का नाम कालिमाटी रोड हुआ करता था। अब टाटा स्टील लोहे का ही निर्माण नहीं करता बल्कि वह विभिन्न प्रकार के प्रोडक्ट भी बना रहा है जो हम सबके लिए उपलब्ध है, ऐसे महान पुरुष को हम नमन करते हैं। डॉ. आरसी ने होली के महत्व को रेखांकित करते हुए वसंत उत्सव पर प्रकाश डालते हुए पक्षियों के कलरव पर भी चर्चा की।
इन्होने भी रखे विचार
डॉ. अंगद तिवारी ने कहा कि मैंने बचपन में अपने घर में देखा है कि मेरे माता-पिता जे.एन. टाटा की तस्वीर पर अगरबत्ती दिखाया करते थे। ऐसे महान पुरुष को मैं कोटि-कोटि नमन करता हूँ। साथ ही उन्होंने होली के शुभ अवसर पर शिक्षक-शिक्षिकाओं को ढेर सारी शुभकामनाएँ एवं आशीर्वाद दिया। अपने वक्तव्य में डी.एन. सिंह ने जे.एन. टाटा को दृढ़ संकल्पित वाला व्यक्ति बताते हुए उन्हें नमन किया साथ ही होली के शुभ अवसर पर शिक्षक-शिक्षिकाओं को आशीर्वाद भी दिया। इस कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती पूर्णिमा त्रिपाठी ने किया।

