
उदित वाणी, रांची: झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने लगा है. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में आंशिक बादल छाए रहने और गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई है. इसके
साथ ही 9 और 10 मार्च को राज्य के कुछ हिस्सों में वज्रपात और तेज हवा चलने को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.
रांची समेत कई जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के पूर्वी और आसपास के मध्य भागों में आंशिक बादल छाए रहेंगे. इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है. इसका असर रांची, खूंटी, बोकारो, धनबाद,
जामताड़ा, दुमका और देवघर सहित आसपास के जिलों में देखने को मिल सकता है.
उत्तर-पूर्वी जिलों के लिए विशेष चेतावनी
मौसम विभाग ने 9 और 10 मार्च को उत्तर-पूर्वी झारखंड के जिलों में मौसम के अधिक सक्रिय रहने की संभावना जताई है. इन दिनों देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ 30
से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात होने की आशंका है. इसके साथ हल्की बारिश भी हो सकती है.
तापमान में भी दिखा बदलाव
राज्य में धीरे-धीरे गर्मी का असर बढ़ने लगा है और कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस
डाल्टनगंज में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस लोहरदगा में रिकॉर्ड किया गया.
राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 1.4 डिग्री और 2.6 डिग्री अधिक है. वहीं औद्योगिक शहर जमशेदपुर में
अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा बोकारो में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस
रिकॉर्ड किया गया.

