
रांची: झारखंड में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने गुरुवार को निर्वाचन सदन में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर इस प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि राज्य में मतदाताओं को पिछली गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची से मैप करने का कार्य किया जा रहा है, ताकि सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सके।
घर-घर जाकर फार्म देंगे बीएलओ
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि गहन पुनरीक्षण के दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) मतदाताओं के घर-घर जाकर इन्यूमेरेशन फॉर्म वितरित करेंगे और भरे हुए फॉर्म को एकत्रित भी करेंगे। इस प्रक्रिया के तहत बीएलओ प्रत्येक घर पर एक स्टीकर भी लगाएंगे। इन स्टीकरों पर घर का नंबर, संबंधित बीएलओ का नाम और उनका संपर्क नंबर अंकित रहेगा, ताकि नागरिक आवश्यकता पड़ने पर सीधे बीएलओ से संपर्क कर सकें और मतदाता सूची से संबंधित सहायता प्राप्त कर सकें।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।
बूथ लेवल एजेंट की नियुक्ति में तेजी लाने की अपील
बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से सभी मतदान केंद्रों पर अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति में तेजी लाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि गहन पुनरीक्षण के दौरान बीएलओ और बीएलए के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक होगा, इसलिए सभी दल अपने बूथ लेवल एजेंटों को समय पर नियुक्त करें और उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण भी दिलाएं।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण पूरा होने से जमीनी स्तर पर बीएलओ के साथ काम करते समय किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति नहीं बनेगी और प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सकेगी।
एएसडीडी सूची बीएलए से प्रमाणित कर प्रकाशित होगी
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर अनुपस्थित (एब्सेंट), स्थानांतरित (शिफ्टेड), मृत (डेथ) और डुप्लीकेट मतदाताओं से संबंधित सूची तैयार की जाएगी। इस सूची को बीएलओ द्वारा बूथ लेवल एजेंट से प्रमाणित कर प्रकाशित किया जाएगा।
उन्होंने गहन पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया के विभिन्न चरणों जैसे इन्यूमेरेशन फॉर्म, ड्राफ्ट पब्लिकेशन, एएसडीडी सूची, नोटिफिकेशन और सुनवाई आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के सुझाव और शंकाओं पर भी चर्चा की गई।
सभी दलों से सहयोग की अपील
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने सभी दलों से अपील की कि वे अपने स्तर पर भी मतदाताओं को जागरूक करें ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल हो सकें।
बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, नोडल पदाधिकारी (ट्रेनिंग) देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज ठाकुर सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

