
उदित वाणी जमशेदपुर : झारखंड स्टेट बार काउंसिल के लिए गुरुवार को राज्यभर के विभिन्न न्यायालय परिसरों में मतदान कराया जा रहा है. इस चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है. राज्य की कुल 37 बार एसोसिएशनों के अधिवक्ता इस प्रक्रिया में भाग ले रहे हैं और 23 सदस्यीय बार काउंसिल के गठन के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं.
जमशेदपुर जिला बार एसोसिएशन के भी 2212 अधिवक्ता इस चुनाव में मतदान करेंगे. सुबह 10 बजे से कोर्ट परिसर में मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई, जहां अधिवक्ता क्रमवार मतदान कर रहे हैं. चुनाव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं.

लंच के लिए आधे घंटे मतदान रहेगा बंद
मतदान के दौरान दोपहर 1 बजे से 1:30 बजे तक आधे घंटे का लंच ब्रेक रखा गया है. इस दौरान मतदान प्रक्रिया अस्थायी रूप से स्थगित रहेगी, जिसके बाद फिर से मतदान शुरू किया जाएगा.
चुनाव की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पूरे मतदान केंद्र को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा जाएगा. मतदान प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं.
मतगणना की तारीख अभी स्पष्ट नहीं
मतदान के बाद सभी मतपेटियों को सुरक्षित तरीके से रांची भेजा जाएगा, जहां उन्हें स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा. पूरे राज्य में कुल 37 बार एसोसिएशन में मतदान कराया जाएगा. सभी स्थानों से मतपेटियां रांची पहुंचने के बाद ही उन्हें स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा. मतगणना की तारीख अभी स्पष्ट नहीं हुई है.
झारखंड स्टेट बार काउंसिल के कुल 23 पदों के लिए यह चुनाव कराया जा रहा है. पूरे राज्य से 100 अधिवक्ता चुनाव मैदान में उतरे हैं. जमशेदपुर से 12 अधिवक्ता इस चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. इनमें अधिवक्ता राजेश कुमार शुक्ला, अनिल कुमार तिवारी, प्रकाश झा, जितेंद्र कुमार सिंह, राजेश दास, कुमार राजेश रंजन, राजेश जायसवाल, हमीद राजा और मो. आफताब आलम खान शामिल हैं. वहीं महिला उम्मीदवारों में विनीता सिंह, रंजना कुमारी और शिल्पी प्रसाद भी चुनाव मैदान में हैं.
अधिवक्ताओं का मानना है कि बार काउंसिल के गठन से राज्य में अधिवक्ताओं के अधिकारों की रक्षा, पेशे से जुड़े मुद्दों के समाधान और न्यायिक व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जाती है. यही वजह है कि इस चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह और सक्रियता देखने को मिल रही है.

