
उदित वाणी, जमशेदपुर : झारखंड स्टेट बार काउंसिल के चुनाव को लेकर गुरुवार को राज्यभर के विभिन्न न्यायालय परिसरों में मतदान कराया जा रहा है. मतदान के दौरान अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है. जमशेदपुर सिविल कोर्ट परिसर में सुबह से ही वकीलों की लंबी कतारें नजर आईं. लंच ब्रेक तक यहां करीब 1100 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया.
इस चुनाव में जमशेदपुर के कई प्रमुख अधिवक्ता भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. इनमें राजेश कुमार शुक्ला, अनिल कुमार तिवारी, प्रकाश झा, जितेंद्र कुमार सिंह, राजेश दास, कुमार राजेश रंजन, राजेश जायसवाल, हमीद राजा और मो. आफताब आलम खान प्रमुख हैं. वहीं महिला उम्मीदवारों में विनीता सिंह, रंजना कुमारी और शिल्पी प्रसाद चुनावी मैदान में हैं.
बार काउंसिल के कुल 23 पदों के लिए चुनाव हो रहा है, जिनमें 18 पुरुष और 5 महिला सदस्यों का चयन प्रत्यक्ष मतदान से किया जाएगा, जबकि दो महिला सदस्यों का चयन बाद में को-ऑप्शन के जरिए किया जाएगा. पूरे राज्य से करीब 100 अधिवक्ता चुनावी मैदान में हैं.

