
उदित वाणी, जमशेदपुर : नगर निकाय चुनाव को लेकर झारखंड में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. भारतीय जनता पार्टी ने नगर निकाय चुनाव अविलंब कराने, दलीय आधार पर चुनाव कराने और ईवीएम से मतदान की मांग को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है. इसी क्रम में मंगलवार को जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मानगो नगर निगम कार्यालय परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया.
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता जुटे तथा राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. बाद में कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम तीन सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा.
भाजपा नेता अभय सिंह ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जानबूझकर नगर निकाय चुनाव टाल रही है, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर हो रही है. उन्होंने कहा कि समय पर चुनाव कराना सरकार की संवैधानिक जिम्मेदारी है और चुनाव टालना संविधान व लोकतंत्र दोनों का अपमान है. अभय सिंह ने कहा कि ईवीएम से मतदान और मतगणना प्रक्रिया पारदर्शी और तेज होती है, लेकिन सरकार जनता के जनादेश के डर से चुनाव से बच रही है.
भाजपा नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि नगर निकाय चुनाव की घोषणा शीघ्र नहीं की गई, तो पार्टी राज्यव्यापी आंदोलन को और व्यापक करेगी.

