
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र से 24 वर्षीय युवक के पिछले 18 दिनों से रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। लापता युवक विशाल कुमार की मां सुकू देवी ने स्थानीय पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अब वरीय आरक्षी अधीक्षक और नगर आरक्षी अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।
मिली जानकारी के अनुसार बागबेड़ा गांधीनगर निवासी सुकू देवी का पुत्र विशाल कुमार 17 फरवरी से अचानक लापता है। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। बेटे के लापता होने से परेशान मां का कहना है कि वह दूसरों के घरों में बर्तन-चौका कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करती हैं, लेकिन बेटे के गायब होने के बाद से उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई है।
सुकू देवी ने बताया कि वे पिछले दो हफ्तों से लगातार बागबेड़ा थाना के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने दावा किया कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच में विशाल आखिरी बार गांधीनगर शीतला मंदिर क्षेत्र के रहने वाले गौतम, उसके भाई और भाभी के साथ दिखाई दे रहा है।
पीड़ित मां का आरोप है कि इस महत्वपूर्ण सुराग के बावजूद पुलिस ने अब तक संदिग्धों से कोई कड़ी पूछताछ नहीं की है। उन्होंने आशंका जताई है कि उनके बेटे के साथ कोई गंभीर अप्रिय घटना हो सकती है।
बागबेड़ा थाना में पहले दी गई शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने से निराश सुकू देवी ने वरीय अधिकारियों को लिखित आवेदन देकर मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने और बेटे को सुरक्षित ढूंढ निकालने की अपील की है।

