
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में कालाशीशा (ब्लैक फिल्म) लगे वाहनों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने गुरुवार को विशेष अभियान चलाया. इस दौरान कुल 11 वाहनों को नियम उल्लंघन का दोषी पाते हुए चालान काटा गया. कार्रवाई के तहत बिष्टुपुर ट्रैफिक थाना क्षेत्र में 5, मानगो ट्रैफिक थाना क्षेत्र में 2, जुगसलाई थाना क्षेत्र में 1 और साकची थाना क्षेत्र में 3 वाहन शामिल थे.
ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार वाहन के शीशों पर निर्धारित से अधिक गहरे रंग की फिल्म लगाना प्रतिबंधित है, क्योंकि इससे दृश्यता प्रभावित होती है और अपराधियों को छिपने में आसानी मिलती है. नियमों के तहत केवल मानक वीएलटी (दृश्य प्रकाश संप्रेषण) वाली फिल्म या शीशा प्रयोग किया जा सकता है.
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने मौके पर ही कई वाहन चालकों को नियमों की जानकारी दी और उन्हें शीशा हटाने की चेतावनी भी दी. जिन वाहनों में प्रतिबंधित फिल्म पाई गई, उनका चालान कर कानूनी कार्रवाई की गई.
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा. आने वाले दिनों में शहर के सभी थाना क्षेत्रों में ऐसे वाहनों पर सघन जांच अभियान जारी रहेगा. विभाग ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करते हुए अपने वाहनों पर मानक शीशे का ही प्रयोग करें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहें. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कदम सड़क सुरक्षा, पारदर्शिता और अपराध नियंत्रण की दिशा में अहम साबित होगा.
