
उदित वाणी जमशेदपुर : वरीय पुलिस अधीक्षक, एसपी सिटी कुमार शिवाशीष एवं ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार के निर्देशानुसार आगामी जीतिया, विश्वकर्मा पूजा एवं दुर्गा पूजा के शुभ अवसर पर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाए रखने हेतु विशेष ब्रीफिंग मानगो ट्रैफिक थाना में आयोजित की गई। इस दौरान ट्रैफिक टीम के समस्त पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे, जिन्हें पूजा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एसएसपी पीयूष पांडे ने कहा कि पूजा पर्व के दौरान भारी भीड़ व वाहन आवागमन को ध्यान में रखते हुए सड़कों पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। हेलमेट न पहनने, गलत पार्किंग, ट्रिपल राइडिंग व बिना लाइसेंस वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। सभी अधिकारी व कर्मियों को सख्ती से नियम पालन कराने का निर्देश दिया गया।
एसपी सिटी ने कहा कि भारी भीड़ और वाहन आवागमन को ध्यान में रखते हुए पूजा पांडालों के आसपास ट्रैफिक फ्री जोन बनाए जाएंगे। हेलमेट न पहनने, गलत पार्किंग, ट्रिपल राइडिंग और बिना लाइसेंस वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक डी एस पी ने वैकल्पिक मार्ग सुनिश्चित कर श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार ने बताया कि पूजा पांडालों के आसपास ट्रैफिक फ्री जोन बनाए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु वैकल्पिक मार्ग तैयार किए जा रहे हैं। आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाने की व्यवस्था की गई है।
मानगो ट्रैफिक प्रभारी करमाली ने सभी पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने, संयमित रहने और सार्वजनिक सुरक्षा को सर्वोपरि मानने का निर्देश दिया। पूजा पर्व को सुरक्षित और आनंदमय बनाने के लिए पुलिस पूरी तत्परता से तैनात रहेगी।
