
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में 18 मार्च को निकलने वाले नववर्ष यात्रा जुलूस को देखते हुए प्रशासन ने शहर में एक बार फिर से ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। हिंदू उत्सव समिति सहित विभिन्न संगठनों की ओर से आयोजित होने वाले इस जुलूस के मद्देनज़र शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगा दी गई है।
प्रशासन की ओर से जारी संयुक्त आदेश के अनुसार 18 मार्च को सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक शहर की सड़कों पर सभी प्रकार के भारी वाहनों का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यह निर्णय जुलूस के दौरान भीड़ और यातायात दबाव को नियंत्रित करने के उद्देश्य से लिया गया है, ताकि आम लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
यह आदेश जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के संयुक्त स्तर पर जारी किया गया है। आदेश पर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, एसएसपी पीयूष पांडेय और ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार के हस्ताक्षर हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भारी वाहनों पर रोक रहेगी, जबकि बसों का परिचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा।
प्रशासन ने ट्रांसपोर्टरों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के दौरान शहर में भारी वाहन लेकर प्रवेश न करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

