
उदित वाणी जमशेदपुर : शहर के हर क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला सिधगोड़ा थाना क्षेत्र के रो-रो रोड का है, जहां अज्ञात चोरों ने एक बंद क्वार्टर को निशाना बनाकर स्कूटी चोरी कर ली।
मिली जानकारी के मुताबिक रो-रो रोड निवासी अभय सिंह अपने घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाया और उनके क्वार्टर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। घर के आंगन में खड़ी स्कूटी को चोर लेकर फरार हो गए।
घटना का पता उस समय चला जब अभय सिंह वापस घर लौटे। उन्होंने दरवाजे का ताला टूटा हुआ देखा और अंदर जाकर जांच की तो आंगन में खड़ी स्कूटी गायब मिली। इसके बाद उन्होंने तुरंत सिधगोड़ा थाना में इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

