
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के जेल चौक के समीप शुक्रवार देर शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें दो कारें आमने-सामने टकरा गईं. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के एयरबैग खुल गए और कारों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. हादसे में दोनों कारों में सवार तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक महिला को हल्की चोट आई है, जबकि दो अन्य को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल भेजा गया है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त सड़क पर वाहनों की आवाजाही सामान्य थी. तभी एक तेज रफ्तार कार जेल चौक की ओर से आई और सामने से आ रही दूसरी कार को जोरदार टक्कर मार दी. आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया. घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची.
एक कार के चालक मोहित ने बताया कि वे अपने एग्रीको स्थित घर से साकची की ओर जा रहे थे. जेल चौक पार करने के बाद सामने से एक तेज रफ्तार कार ने अचानक उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी. उन्होंने कहा कि एयरबैग खुल जाने से बड़ी दुर्घटना टल गई और सभी की जान बच गई.
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाया, जिससे यातायात बहाल हुआ. पुलिस ने बताया कि घायलों का इलाज टाटा मुख्य अस्पताल में जारी है और प्राथमिक जांच में यह पाया गया है कि दुर्घटना तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के कारण हुई है. फिलहाल दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी गई है.

