
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर में सैरात बाजारों (Sairat Markets) के किराए में की गई हालिया वृद्धि को लेकर व्यापारियों में काफी रोष है.
शहर के विभिन्न बाजारों के व्यापारियों ने मार्केट का किराया बढ़ाए जाने के विरोध में गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया.. जमशेदपुर ऑल मार्केट एसोसिएशन के बैनर तले बड़ी संख्या में व्यापारी जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमेटी (JNAC) कार्यालय पहुंचे और किराया वृद्धि के फैसले के खिलाफ नाराजगी जताई.
प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि बिना किसी पूर्व सूचना और व्यापारियों से चर्चा किए ही मार्केट का किराया बढ़ा दिया गया है, जो पूरी तरह अनुचित है.
व्यापारियों का कहना था कि बाजार में पहले से ही मंदी का माहौल है और छोटे दुकानदार आर्थिक दबाव झेल रहे हैं.. ऐसे में किराया बढ़ाने का फैसला उनके लिए अतिरिक्त बोझ बन जाएगा.
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि किराया वृद्धि से छोटे और मध्यम वर्ग के दुकानदारों की स्थिति और खराब हो सकती है. उन्होंने प्रशासन से बढ़ाए गए किराये को तत्काल वापस लेने और इस मुद्दे पर व्यापारियों के साथ बैठक कर समाधान निकालने की मांग की.
व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
जरूरत पड़ने पर शहर के सभी बाजारों को बंद कर व्यापक आंदोलन भी किया जा सकता है.
प्रदर्शन के दौरान एसोसिएशन के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में दुकानदार मौजूद रहे.. उन्होंने प्रशासन से मांग की कि व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए किराया वृद्धि के फैसले पर पुनर्विचार किया जाए.

