
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर में रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता से तांबा तार चोरी की एक वारदात का खुलासा हुआ है। परसूडीह थाना क्षेत्र के मकदमपुर स्थित रेल लाइन से चोरी करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गोलमुरी निवासी अजय कालंदी और जुगसलाई निवासी अमीर खान के रूप में हुई है।
आरपीएफ टीम ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से करीब पांच मीटर तांबा तार और एक हेक्सा ब्लेड बरामद किया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की बात स्वीकार की है। इस संबंध में रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, रेलवे संपत्ति की सुरक्षा को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

