
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर के पुलिस महकमे में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर फेरबदल किया गया है। जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे ने एक साथ 53 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस व्यापक तबादले में कई इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और एएसआई स्तर के अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है। आदेश जारी होते ही इसे तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। इस फेरबदल में कई थानों को नए थाना प्रभारी भी मिले हैं।
जारी आदेश के अनुसार कदमा थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर प्रवेश चंद्र सिन्हा को जादूगोड़ा का सर्किल इंस्पेक्टर बनाया गया है। वहीं जादूगोड़ा के अंचल निरीक्षक दिलीप कुमार यादव को कदमा थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसी तरह चाकुलिया थाना के प्रभारी संतोष कुमार को जुगसलाई थाना में जेएसआई के रूप में पदस्थापित किया गया है। दूसरी ओर सीतारामडेरा थाना में तैनात जेएसआई राजेश कुमार को चाकुलिया थाना का नया प्रभारी बनाया गया है।
पटमदा थाना में भी बदलाव किया गया है। यहां के थाना प्रभारी करमपाल भगत को हटाकर परसुडीह थाना का प्रभारी बनाया गया है, जबकि उलीडीह ओपी में तैनात जेएसआई विष्णु चरण भोग्ता को पटमदा थाना का नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं कोवाली थाना के प्रभारी धनंजय कुमार पासवान को कदमा थाना में जेएसआई के पद पर भेजा गया है। जुगसलाई थाना में पदस्थापित मुकेश कुमार साव को कोवाली थाना का नया प्रभारी बनाया गया है।
इसके अलावा एसआई रामप्रवेश कुमार राय को बिष्टुपुर थाना से हटाकर बहरागोड़ा थाना में जेएसआई के रूप में भेजा गया है। पुलिस लाइन में तैनात मनोरंजन कुमार को सीतारामडेरा थाना में जेएसआई बनाया गया है। पुलिस लाइन से ही राजेश कुमार मंडल को बिष्टुपुर थाना में जेएसआई के रूप में पदस्थापित किया गया है। श्यामसुंदरपुर थाना के जेएसआई अमर पोद्दार को मानगो थाना भेजा गया है, जबकि दुर्गा तिर्की को श्यामसुंदरपुर थाना में पदस्थापित किया गया है।
कुछ पदाधिकारियों को पुलिस लाइन भेजा गया है। इनमें पटमदा थाना के अजय प्रसाद यादव, पोटका थाना के सुनील टुटी तथा परसुडीह थाना के कौशल किशोर पांडेय शामिल हैं। वहीं गोलमुरी पुलिस लाइन से अरविंद कुमार को बर्मामाइंस थाना का जेएसआई बनाया गया है।
यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। बिष्टुपुर ट्रैफिक थाना के कामाख्या पासवान को साकची यातायात थाना का जेएसआई बनाया गया है। इसी तरह बिष्टुपुर यातायात थाना के रमेश कुमार पांडेय को भी साकची यातायात थाना भेजा गया है। जुगसलाई यातायात थाना से विनय कुमार सिंह, रमेश कुमार सिंह, मनीष कुमार मेहता और प्रमोद कुमार को पुलिस लाइन भेजा गया है। वहीं संतोष कुमार सिंह को गोलमुरी पुलिस लाइन में पदस्थापित किया गया है। साकची यातायात थाना से रसेंद्र सिंह तथा गोलमुरी यातायात थाना से कौलेश्वर बास्की को भी पुलिस लाइन भेजा गया है।
अन्य तबादलों में बर्मामाइंस थाना के संजय कुमार यादव, डीएसपी कार्यालय में तैनात एएसआई मंजूर अंसारी, सोनारी थाना के एएसआई उमेश सिंह तथा बोड़ाम थाना के एएसआई मोहम्मद माजिदुद्दीन को पुलिस लाइन भेजा गया है। घाटशिला एटीएफ कार्यालय से मुखराम महतो को गालूडीह थाना में चेक पोस्ट ड्यूटी दी गई है।
इसके अलावा एएसआई अशेष कुमार पासवान को साइबर डीएसपी कार्यालय से हटाकर मानगो यातायात थाना भेजा गया है। सीतारामडेरा थाना के एएसआई जय कुमार दास को जुगसलाई यातायात थाना में पदस्थापित किया गया है। पुलिस लाइन से शिवशंकर पासवान को साकची यातायात थाना, सुंदर राम को जुगसलाई यातायात थाना तथा राधेश्याम पासवान को कदमा थाना भेजा गया है।
वहीं मदन कुमार को डीएसपी कार्यालय, सुनील कुमार तिवारी को चाकुलिया थाना, विनय कुमार राम को बिष्टुपुर थाना में सिरिस्ता कार्य के लिए नियुक्त किया गया है। संदीप कुमार शाह को डुमरिया थाना तथा नरेश राम को सिटी पेट्रोलिंग सीसीआर में पदस्थापित किया गया है। अर्चना कुमार को टेल्को इंस्पेक्टर कार्यालय से हटाकर साकची यातायात थाना में सिरिस्ता कार्य की जिम्मेदारी दी गई है।
उपेंद्र कुमार सिंह को कोर्ट सुरक्षा ड्यूटी से हटाकर सीतारामडेरा थाना में सिरिस्ता कार्य सौंपा गया है। पुलिस लाइन से संदीप कुमार भगत को साकची काशीडीह टीओपी और कृष्णा सिंह को सिटी पेट्रोलिंग सीसीआर में पदस्थापित किया गया है। रोशन गुड़िया को गुड़ाबांधा थाना भेजा गया है। हाइवे पेट्रोलिंग से हराधन मरांडी को घाटशिला अनुमंडल न्यायालय में तैनात किया गया है।
इसके अलावा दिलीप कुमार को बर्मामाइंस थाना, मंटू कुमार को डीएसपी सिटी कार्यालय, मंगला चरण महाली को पटमदा थाना तथा बिरबल महतो को परसुडीह से हटाकर पोटका थाना भेजा गया है। वहीं बिरसानगर थाना के एएसआई गजेंद्र भगत को धालभूमगढ़ थाना में पदस्थापित किया गया है।
पुलिस विभाग के सूत्रों के अनुसार यह फेरबदल प्रशासनिक आवश्यकता और कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है, ताकि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके। नए पदस्थापित पदाधिकारियों को तत्काल अपने-अपने नए पदों पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

