
उदित वाणी, जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के बालीगुमा स्थित धर्मबंधा स्वर्णरेखा नदी में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब नदी में एक अज्ञात महिला का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। सुबह मछली पकड़ने निकले स्थानीय मछुआरों ने शव को देखा और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। खबर मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 18 से 20 वर्ष के बीच मानी जा रही है। शव की स्थिति को देखकर पुलिस का अनुमान है कि महिला की मौत दो से तीन दिन पहले हुई होगी।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में नदी तट पर जमा हो गए। लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। कुछ लोगों ने आशंका जताई कि यह आत्महत्या का मामला हो सकता है, वहीं कुछ ने हत्या की संभावना भी जताई। हालांकि, पुलिस फिलहाल किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है।
थाना प्रभारी ने बताया कि शव की पहचान के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों को खंगाला जा रहा है। साथ ही, शव का फोटो और पहचान संबंधी विवरण अन्य थानों के साथ साझा किया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं शव बहकर अन्य क्षेत्र से तो नहीं आया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और शव की पहचान सुनिश्चित करने में जुटी हुई है।

